Back to Languages

Hindi - Chapter 38 - Sad

Translation by Muhammad Farooq Khan And Muhammad Ahmed — Permalink

Verse 1 — Surah Sad 38:1

साद। क़सम है, याददिहानी-वाले क़ुरआन की (जिसमें कोई कमी नहीं कि धर्मविरोधी सत्य को न समझ सकें)

Verse 2 — Surah Sad 38:2

बल्कि जिन्होंने इनकार किया वे गर्व और विरोध में पड़े हुए है

Verse 3 — Surah Sad 38:3

उनसे पहले हमने कितनी ही पीढ़ियों को विनष्ट किया, तो वे लगे पुकारने। किन्तु वह समय हटने-बचने का न था

Verse 4 — Surah Sad 38:4

उन्होंने आश्चर्य किया इसपर कि उनके पास उन्हीं में से एक सचेतकर्ता आया और इनकार करनेवाले कहने लगे, "यह जादूगर है बड़ा झूठा

Verse 5 — Surah Sad 38:5

क्या उसने सारे उपास्यों को अकेला एक उपास्य ठहरा दिया? निस्संदेह यह तो बहुत अचम्भेवाली चीज़ है

Verse 6 — Surah Sad 38:6

और उनके सरदार (यह कहते हुए) चल खड़े हुए कि "चलते रहो और अपने उपास्यों पर जमें रहो। निस्संदेह यह वांछिच चीज़ है

Verse 7 — Surah Sad 38:7

यह बात तो हमने पिछले धर्म में सुनी ही नहीं। यह तो बस मनघड़त है

Verse 8 — Surah Sad 38:8

क्या हम सबमें से (चुनकर) इसी पर अनुस्मृति अवतरित हुई है?" नहीं, बल्कि वे मेरी अनुस्मृति के विषय में संदेह में है, बल्कि उन्होंने अभी तक मेरी यातना का मज़ा चखा ही नहीं है

Verse 9 — Surah Sad 38:9

या, तेरे प्रभुत्वशाली, बड़े दाता रब की दयालुता के ख़ज़ाने उनके पास है

Verse 10 — Surah Sad 38:10

या, आकाशों और धरती और जो कुछ उनके बीच है, उन सबकी बादशाही उन्हीं की है? फिर तो चाहिए कि वे रस्सियों द्वारा ऊपर चढ़ जाए

Verse 11 — Surah Sad 38:11

वह एक साधारण सेना है (विनष्ट होनेवाले) दलों में से, वहाँ मात खाना जिसकी नियति है

Verse 12 — Surah Sad 38:12

उनसे पहले नूह की क़ौम और आद और मेखोंवाले फ़िरऔन ने झुठलाया

Verse 13 — Surah Sad 38:13

और समूद और लूत की क़ौम और 'ऐकावाले' भी, ये है वे दल

Verse 14 — Surah Sad 38:14

उनमें से प्रत्येक ने रसूलों को झुठलाया, तो मेरी ओर से दंड अवश्यम्भावी होकर रहा

Verse 15 — Surah Sad 38:15

इन्हें बस एक चीख की प्रतीक्षा है जिसमें तनिक भी अवकाश न होगा

Verse 16 — Surah Sad 38:16

वे कहते है, "ऐ हमारे रब! हिसाब के दिन से पहले ही शीघ्र हमारा हिस्सा दे दे।

Verse 17 — Surah Sad 38:17

वे जो कुछ कहते है उसपर धैर्य से काम लो और ज़ोर व शक्तिवाले हमारे बन्दे दाऊद को याद करो। निश्चय ही वह (अल्लाह की ओर) बहुत रुजू करनेवाला था

Verse 18 — Surah Sad 38:18

हमने पर्वतों को उसके साथ वशीभूत कर दिया था कि प्रातःकाल और सन्ध्य समय तसबीह करते रहे।

Verse 19 — Surah Sad 38:19

और पक्षियों को भी, जो एकत्र हो जाते थे। प्रत्येक उसके आगे रुजू रहता

Verse 20 — Surah Sad 38:20

हमने उसका राज्य सुदृढ़ कर दिया था और उसे तत्वदर्शिता प्रदान की थी और निर्णायक बात कहने की क्षमता प्रदान की थी

Verse 21 — Surah Sad 38:21

और क्या तुम्हें उन विवादियों की ख़बर पहुँची है? जब वे दीवार पर चढ़कर मेहराब (एकान्त कक्ष) मे आ पहुँचे

Verse 22 — Surah Sad 38:22

जब वे दाऊद के पास पहुँचे तो वह उनसे सहम गया। वे बोले, "डरिए नहीं, हम दो विवादी हैं। हममें से एक ने दूसरे पर ज़्यादती की है; तो आप हमारे बीच ठीक-ठीक फ़ैसला कर दीजिए। और बात को दूर न डालिए और हमें ठीक मार्ग बता दीजिए

Verse 23 — Surah Sad 38:23

यह मेरा भाई है। इसके पास निन्यानबे दुंबियाँ है और मेरे पास एक दुंबी है। अब इसका कहना है कि इसे भी मुझे सौप दे और बातचीत में इसने मुझे दबा लिया।

Verse 24 — Surah Sad 38:24

उसने कहा, "इसने अपनी दुंबियों के साथ तेरी दुंबी को मिला लेने की माँग करके निश्चय ही तुझपर ज़ुल्म किया है। और निस्संदेह बहुत-से साथ मिलकर रहनेवाले एक-दूसरे पर ज़्यादती करते है, सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए और उन्होंने अच्छे कर्म किए। किन्तु ऐसे लोग थोड़े ही है।" अब दाऊद समझ गया कि यह तो हमने उसे परीक्षा में डाला है। अतः उसने अपने रब से क्षमा-याचना की और झुककर (सीधे सजदे में) गिर पड़ा और रुजू हुआ

Verse 25 — Surah Sad 38:25

तो हमने उसका वह क़सूर माफ़ कर दिया। और निश्चय ही हमारे यहाँ उसके लिए अनिवार्यतः सामीप्य और उत्तम ठिकाना है

Verse 26 — Surah Sad 38:26

ऐ दाऊद! हमने धरती में तुझे ख़लीफ़ा (उत्तराधिकारी) बनाया है। अतः तू लोगों के बीच हक़ के साथ फ़ैसला करना और अपनी इच्छा का अनुपालन न करना कि वह तुझे अल्लाह के मार्ग से भटका दे। जो लोग अल्लाह के मार्ग से भटकते है, निश्चय ही उनके लिए कठोर यातना है, क्योंकि वे हिसाब के दिन को भूले रहे।

Verse 27 — Surah Sad 38:27

हमने आकाश और धरती को और जो कुछ उनके बीच है, व्यर्थ नहीं पैदा किया। यह तो उन लोगों का गुमान है जिन्होंने इनकार किया। अतः आग में झोंके जाने के कारण इनकार करनेवालों की बड़ी दुर्गति है

Verse 28 — Surah Sad 38:28

(क्या हम उनको जो समझते है कि जगत की संरचना व्यर्थ नहीं है, उनके समान कर देंगे जो जगत को निरर्थक मानते है।) या हम उन लोगों को जो ईमान लाए और उन्होंने अच्छे कर्म किए, उनके समान कर देंगे जो धरती में बिगाड़ पैदा करते है; या डर रखनेवालों को हम दुराचारियों जैसा कर देंगे

Verse 29 — Surah Sad 38:29

यह एक इसकी आयतों पर सोच-विचार करें और ताकि बुद्धि और समझवाले इससे शिक्षा ग्रहण करें।

Verse 30 — Surah Sad 38:30

और हमने दाऊद को सुलैमान प्रदान किया। वह कितना अच्छा बन्दा था! निश्चय ही वह बहुत ही रुजू रहनेवाला था।

Verse 31 — Surah Sad 38:31

याद करो, जबकि सन्ध्या समय उसके सामने सधे हुए द्रुतगामी घोड़े हाज़िर किए गए

Verse 32 — Surah Sad 38:32

तो उसने कहा, "मैंने इनके प्रति प्रेम अपने रब की याद के कारण अपनाया है।" यहाँ तक कि वे (घोड़े) ओट में छिप गए

Verse 33 — Surah Sad 38:33

उन्हें मेरे पास वापस लाओ!" फिर वह उनकी पिंडलियों और गरदनों पर हाथ फेरने लगा

Verse 34 — Surah Sad 38:34

निश्चय ही हमने सुलैमान को भी परीक्षा में डाला। और हमने उसके तख़्त पर एक धड़ डाल दिया। फिर वह रुजू हुआ

Verse 35 — Surah Sad 38:35

उसने कहा, "ऐ मेरे रब! मुझे क्षमा कर दे और मुझे वह राज्य प्रदान कर, जो मेरे पश्चात किसी के लिए शोभनीय न हो। निश्चय ही तू बड़ा दाता है।

Verse 36 — Surah Sad 38:36

तब हमने वायु को उसके लिए वशीभूत कर दिया, जो उसके आदेश से, जहाँ वह पहुँचना चाहता, सरलतापूर्वक चलती थी

Verse 37 — Surah Sad 38:37

और शैतानों को भी (वशीभुत कर दिया), प्रत्येक निर्माता और ग़ोताख़ोर को

Verse 38 — Surah Sad 38:38

और दूसरों को भी जो ज़जीरों में जकड़े हुए रहत

Verse 39 — Surah Sad 38:39

यह हमारी बेहिसाब देन है। अब एहसान करो या रोको।

Verse 40 — Surah Sad 38:40

और निश्चय ही हमारे यहाँ उसके लिए अनिवार्यतः समीप्य और उत्तम ठिकाना है

Verse 41 — Surah Sad 38:41

हमारे बन्दे अय्यूब को भी याद करो, जब उसने अपने रब को पुकारा कि "शैतान ने मुझे दुख और पीड़ा पहुँचा रखी है।

Verse 42 — Surah Sad 38:42

अपना पाँव (धरती पर) मार, यह है ठंडा (पानी) नहाने को और पीने को।

Verse 43 — Surah Sad 38:43

और हमने उसे उसके परिजन दिए और उनके साथ वैसे ही और भी; अपनी ओर से दयालुता के रूप में और बुद्धि और समझ रखनेवालों के लिए शिक्षा के रूप में।

Verse 44 — Surah Sad 38:44

और अपने हाथ में तिनकों का एक मुट्ठा ले और उससे मार और अपनी क़सम न तोड़।" निश्चय ही हमने उसे धैर्यवान पाया, क्या ही अच्छा बन्दा! निस्संदेह वह बड़ा ही रुजू रहनेवाला था

Verse 45 — Surah Sad 38:45

हमारे बन्दों, इबराहीम और इसहाक़ और याक़ूब को भी याद करो, जो हाथों (शक्ति) और निगाहोंवाले (ज्ञान-चक्षुवाले) थे

Verse 46 — Surah Sad 38:46

निस्संदेह हमने उन्हें एक विशिष्ट बात के लिए चुन लिया था और वह वास्तविक घर (आख़िरत) की याद थी

Verse 47 — Surah Sad 38:47

और निश्चय ही वे हमारे यहाँ चुने हुए नेक लोगों में से है

Verse 48 — Surah Sad 38:48

इसमाईल और अल-यसअ और ज़ुलकिफ़्ल को भी याद करो। इनमें से प्रत्येक ही अच्छा रहा है

Verse 49 — Surah Sad 38:49

यह एक अनुस्मृति है। और निश्चय ही डर रखनेवालों के लिए अच्छा ठिकाना है

Verse 50 — Surah Sad 38:50

सदैव रहने के बाग़ है, जिनके द्वार उनके लिए खुले होंगे

Verse 51 — Surah Sad 38:51

उनमें वे तकिया लगाए हुए होंगे। वहाँ वे बहुत-से मेवे और पेय मँगवाते होंगे

Verse 52 — Surah Sad 38:52

और उनके पास निगाहें बचाए रखनेवाली स्त्रियाँ होंगी, जो समान अवस्था की होंगी

Verse 53 — Surah Sad 38:53

यह है वह चीज़, जिसका हिसाब के दिन के लिए तुमसे वादा किया जाता है

Verse 54 — Surah Sad 38:54

यह हमारा दिया है, जो कभी समाप्त न होगा

Verse 55 — Surah Sad 38:55

एक और यह है, किन्तु सरकशों के लिए बहुत बुरा ठिकाना है

Verse 56 — Surah Sad 38:56

जहन्नम, जिसमें वे प्रवेश करेंगे। तो वह बहुत ही बुरा विश्राम-स्थल है

Verse 57 — Surah Sad 38:57

यह है, अब उन्हें इसे चखना है - खौलता हुआ पानी और रक्तयुक्त पीप

Verse 58 — Surah Sad 38:58

और इसी प्रकार की दूसरी और भी चीज़ें

Verse 59 — Surah Sad 38:59

यह एक भीड़ है जो तुम्हारे साथ घुसी चली आ रही है। कोई आवभगत उनके लिए नहीं। वे तो आग में पड़नेवाले है।

Verse 60 — Surah Sad 38:60

वे कहेंगे, "नहीं, तुम नहीं। तुम्हारे लिए कोई आवभगत नहीं। तुम्ही यह हमारे आगे लाए हो। तो बहुत ही बुरी है यह ठहरने की जगह

Verse 61 — Surah Sad 38:61

वे कहेंगे, "ऐ हमारे रब! जो हमारे आगे यह (मुसीबत) लाया उसे आग में दोहरी यातना दे

Verse 62 — Surah Sad 38:62

और वे कहेंगे, "क्या बात है कि हम उन लोगों को नहीं देखते जिनकी गणना हम बुरों में करते थे

Verse 63 — Surah Sad 38:63

क्या हमने यूँ ही उनका मज़ाक बनाया था, यह उनसे निगाहें चूक गई हैं

Verse 64 — Surah Sad 38:64

निस्संदेह आग में पड़नेवालों का यह आपस का झगड़ा तो अवश्य होना है

Verse 65 — Surah Sad 38:65

कह दो, "मैं तो बस एक सचेत करनेवाला हूँ। कोई पूज्य-प्रभु नहीं सिवाय अल्लाह के, जो अकेला है, सबपर क़ाबू रखनेवाला

Verse 66 — Surah Sad 38:66

आकाशों और धरती का रब है, और जो कुछ इन दोनों के बीच है उसका भी, अत्यन्त प्रभुत्वशाली, बड़ा क्षमाशील।

Verse 67 — Surah Sad 38:67

कह दो, "वह एक बड़ी ख़बर है, ‘

Verse 68 — Surah Sad 38:68

जिसे तुम ध्यान में नहीं ला रहे हो

Verse 69 — Surah Sad 38:69

मुझे 'मलए आला' (ऊपरी लोक के फ़रिश्तों) का कोई ज्ञान नहीं था, जब वे वाद-विवाद कर रहे थे

Verse 70 — Surah Sad 38:70

मेरी ओर तो बस इसलिए प्रकाशना की जाती है कि मैं खुल्लम-खुल्ला सचेत करनेवाला हूँ।

Verse 71 — Surah Sad 38:71

याद करो जब तुम्हारे रब ने फ़रिश्तों से कहा कि "मैं मिट्टी से एक मनुष्य पैदा करनेवाला हूँ

Verse 72 — Surah Sad 38:72

तो जब मैं उसको ठीक-ठाक कर दूँ औऱ उसमें अपनी रूह फूँक दूँ, तो तुम उसके आगे सजदे में गिर जाना।

Verse 73 — Surah Sad 38:73

तो सभी फ़रिश्तों ने सजदा किया, सिवाय इबलीस के।

Verse 74 — Surah Sad 38:74

उसने घमंड किया और इनकार करनेवालों में से हो गया

Verse 75 — Surah Sad 38:75

कहा, "ऐ इबलीस! तूझे किस चीज़ ने उसको सजदा करने से रोका जिसे मैंने अपने दोनों हाथों से बनाया? क्या तूने घमंड किया, या तू कोई ऊँची हस्ती है

Verse 76 — Surah Sad 38:76

उसने कहा, "मैं उससे उत्तम हूँ। तूने मुझे आग से पैदा किया और उसे मिट्टी से पैदा किया।

Verse 77 — Surah Sad 38:77

कहा, "अच्छा, निकल जा यहाँ से, क्योंकि तू धुत्कारा हुआ है

Verse 78 — Surah Sad 38:78

और निश्चय ही बदला दिए जाने के दिन तक तुझपर मेरी लानत है।

Verse 79 — Surah Sad 38:79

उसने कहा, "ऐ मेरे रब! फिर तू मुझे उस दिन तक के लिए मुहल्लत दे, जबकि लोग (जीवित करके) उठाए जाएँगे।

Verse 80 — Surah Sad 38:80

कहा, "अच्छा, तुझे निश्चित एवं

Verse 81 — Surah Sad 38:81

ज्ञात समय तक मुहलत है।

Verse 82 — Surah Sad 38:82

उसने कहा, "तेरे प्रताप की सौगन्ध! मैं अवश्य उन सबको बहकाकर रहूँगा

Verse 83 — Surah Sad 38:83

सिवाय उनमें से तेरे उन बन्दों के, जो चुने हुए है।

Verse 84 — Surah Sad 38:84

कहा, "तो यह सत्य है और मैं सत्य ही कहता हूँ

Verse 85 — Surah Sad 38:85

कि मैं जहन्नम को तुझसे और उन सबसे भर दूँगा, जिन्होंने उनमें से तेरा अनुसरण किया होगा।

Verse 86 — Surah Sad 38:86

कह दो, "मैं इसपर तुमसे कोई पारिश्रमिक नहीं माँगता और न मैं बनानट करनेवालों में से हूँ।

Verse 87 — Surah Sad 38:87

वह तो एक अनुस्मृति है सारे संसारवालों के लिए

Verse 88 — Surah Sad 38:88

और थोड़ी ही अवधि के पश्चात उसकी दी हुई ख़बर तुम्हे मालूम हो जाएगी